होम = Cover Story Featured = 10वीं की छात्रा वैशाली ने उम्मीद से कम अंक आने पर फंदे से लटक कर दी जान, पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर जांच की शुरू

10वीं की छात्रा वैशाली ने उम्मीद से कम अंक आने पर फंदे से लटक कर दी जान, पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर जांच की शुरू

by | Apr 18, 2026 | Cover Story Featured

UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के पनकी रतनपुर स्थित शिवालिक भवन में 16 वर्षीय छात्रा वैशाली सिंह ने हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में उम्मीद से कम अंक आने पर गुरुवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा 95 प्रतिशत से अधिक अंक की उम्मीद कर रही थी, लेकिन उसे 92 प्रतिशत मिले, जिससे वह परिणाम आने के बाद से ही मायूस थी। घटना से पहले छात्रा ने अपने कुछ साथियों को मोबाइल पर वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी, जिसमें उसने जीने की इच्छा खत्म होने और उस पर खर्च किए गए पैसे को व्यर्थ जाने की आशंका जताई। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृत छात्रा की मां काम पर गई हुईं थी

रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की मां काजल गुरुवार को मॉल में काम पर गई हुई थीं। दोपहर करीब तीन बजे से शाम पांच बजे तक उन्होंने कई बार बेटी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बेटे प्रिंस को कमरे में जाकर देखने को कहा। जब प्रिंस अंदर पहुंचा, तो वैशाली का शव फंदे पर लटका देख वह चीख पड़ा।

परिजन ने कहा- पढ़ाई का दबाव डाला जाता था

परिवार के अनुसार, 11 अक्तूबर 2024 को पिता के निधन के बाद भाई प्रिंस ने पढ़ाई छोड़ दी थी। प्रिंस ने आरोप लगाया कि उसके पढ़ाई छोड़ने के बाद स्कूल के कुछ शिक्षक उसकी बहन की उससे तुलना करते हुए उस पर पढ़ाई का दबाव बनाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। प्रिंस के मुताबिक, वैशाली अक्सर बताती थी कि शिक्षक उससे कहते थे— “तुम प्रिंस की बहन हो, तुम्हारे अच्छे अंक नहीं आ पाएंगे।”