होम = Breaking = डोपिंग नियम उल्लंघन के आरोप में विनेश फोगाट पर WFI का बैन, बृजभूषण पर बयान के एक हफ्ते बाद कार्रवाई

डोपिंग नियम उल्लंघन के आरोप में विनेश फोगाट पर WFI का बैन, बृजभूषण पर बयान के एक हफ्ते बाद कार्रवाई

by | May 9, 2026 | Breaking, News Big, खेल

WFI Issues Notice To Vinesh Phogat: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने विनेश फोगाट के खिलाफ अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में शनिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। महासंघ ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ी को छह महीने पहले अनिवार्य नोटिस देना होता है, जिसका पालन नहीं किया गया। इसी वजह से विनेश को 26 जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंटों में भाग लेने से भी रोक दिया गया है।

डब्ल्यूएफआई ने विनेश पर लगाए ये आरोप

15 पन्नों के कारण बताओ नोटिस में WFI ने विनेश फोगाट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके आचरण से देश को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है। महासंघ का दावा है कि विनेश की गतिविधियों से भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है और उन्होंने WFI संविधान, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के अंतरराष्ट्रीय नियमों तथा डोपिंग रोधी प्रावधानों का उल्लंघन किया है।

विनेश से मांगा गया है स्पष्टीकरण

महासंघ ने विनेश फोगाट से चार बड़े आरोपों पर जवाब मांगा है। इनमें 2024 पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित किए जाने का मामला, डोपिंग रोधी नियमों के तहत अपने ठिकाने की जानकारी देने में कथित विफलता और मार्च 2024 में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की तत्कालीन तदर्थ समिति द्वारा आयोजित ट्रायल में दो अलग-अलग भार वर्गों में हिस्सा लेने जैसे मुद्दे शामिल हैं। WFI का कहना है कि इन मामलों में नियमों के उल्लंघन की आशंका के चलते स्पष्टीकरण मांगा गया है।