होम = Breaking = बंगाल में शाम 5 बजे तक हुई 90% वोटिंग, BJP ने TMC पर लगाया धांधली का आरोप, कहा- ‘पुलिसकर्मी ने TMC को वोट देने को कहा’

बंगाल में शाम 5 बजे तक हुई 90% वोटिंग, BJP ने TMC पर लगाया धांधली का आरोप, कहा- ‘पुलिसकर्मी ने TMC को वोट देने को कहा’

by | Apr 29, 2026 | Breaking, News Top

West Bengal Assembly Election 2026: बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर वोटिंग जारी है। इस चरण में 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। वहीं, इस चुनाव में पहले चरण की वोटिंग का रिकॉर्ड दूसरे चरण में टूटता नज़र आ रहा है। शाम 5 बजे तक 90 प्रतिशत की वोटिंग हो चुकी है। वोटिंग समाप्त होने में अभी करीब 1 घंटे का वक्त बचा है। उसके बाद बूथ में दाखिल हो चुके वोटर अपना मत डाल सकेंगे। इस हिसाब से दूसरे चरण में मतदान का आंकड़ा 95 फीसदी तक जाने के आसार हैं।

बीजेपी नेता का दावा, कहा- पुलिसकर्मी ने TMC को वोट देने की अपील की

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान सियासी माहौल गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी के नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर कर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चुनावी ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी लोगों से सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को वोट देने की अपील कर रहा था। इस कथित घटना के बाद मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया और मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी से तीखी बहस की। मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए अधिकारी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

टीएमसी वर्कर्स ने बीजेपी नेता सुवेंदु का किया घेराव

भवानीपुर के खिदिरपुर स्थित सुधीर बसु रोड के पास उस वक्त तनाव बढ़ गया, जब सुवेंदु अधिकारी का तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव कर लिया। इस दौरान सुवेंदु “जय श्रीराम” के नारे लगाते नजर आए, जबकि टीएमसी समर्थकों ने “जय बांग्ला” के नारे लगाए। उल्लेखनीय है कि भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी, ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं, जिससे इलाके में सियासी माहौल और गरमा गया है।