UP News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में रील बनाने की कोशिश एक बड़ा हादसा बन गई, जब 5 बच्चे 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए। उतरते समय सीढ़ी टूटने से 3 बच्चे नीचे गिर गए, जिनमें एक की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टंकी पर फंसे 2 बच्चों को करीब 16 घंटे बाद वायुसेना की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एक साथ 3 बच्चे पर सीढ़ी पर खड़े थे
यह घटना सिद्धार्थनगर के कांशीराम आवास इलाके की है, जहां शनिवार दोपहर 5 बच्चे रील बनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए। उतरते समय 3 बच्चे एक साथ सीढ़ी पर खड़े हो गए, जिससे सीढ़ी टूट गई और तीनों करीब 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में 13 साल के सिद्धार्थ की मौत हो गई, जबकि 11 साल के सनी और 14 साल के सोनू को सीने में गंभीर चोटें आई हैं।
सेना के हेलीकॉप्टर से बच्चों का रेस्क्यू किया गया
वायुसेना ने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुरोध पर सेंट्रल एयर कमांड (CAC) के Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर को फंसे हुए बच्चों के रेस्क्यू के लिए तैनात किया गया। ये बच्चे सीढ़ी टूटने के कारण सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी के ऊपर फंस गए थे। वायुसेना ने कहा कि यह सफल बचाव अभियान उसके पेशेवर रवैये और आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करते हुए लोगों की जान बचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

