होम = Breaking = टेस्ला मॉडल वाई एल की भारत में धमाकेदार एंट्री, मर्सिडीज और BMW को देगी टक्कर, जानें 6-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत

टेस्ला मॉडल वाई एल की भारत में धमाकेदार एंट्री, मर्सिडीज और BMW को देगी टक्कर, जानें 6-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत

Tesla Model Y L India Launch: अमेरिका की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी टेस्ला मॉडल वाई एल का 6-सीटर वर्जन भारत में लॉन्च कर दिया है। जुलाई 2025 में भारतीय बाजार में एंट्री के बाद यह कंपनी का पहला बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च है। इस इलेक्ट्रिक वाहन में लंबा व्हीलबेस दिया गया है, जिससे अंदर ज्यादा स्पेस मिलता है। कीमत की बात करें तो टेस्ला मॉडल वाई एल की एक्स-शोरूम कीमत 61.99 लाख रुपये (ऑन-रोड करीब 63.12 लाख रुपये) रखी गई है। यह स्टैंडर्ड 5-सीटर टेस्ला मॉडल वाई से थोड़ी महंगी है, जिसकी कीमत 59.89 लाख रुपये है, जैसा कि कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर बताया गया है।

इस मॉडल की कार यूरोप और यूएम में नहीं

मॉडल वाई एल को खास तौर पर जापान, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे एशिया-प्रशांत बाजारों के लिए पेश किया गया है, जबकि चीन इसका प्रमुख उत्पादन और बिक्री केंद्र है। यह मॉडल फिलहाल अमेरिका और यूरोप के बाजारों में उपलब्ध नहीं है।

बाजार में टेस्ला के इस मॉडल का मुकाबला इन गाड़ियों से

भारत में मॉडल वाई एल का मुकाबला मर्सिडीज-बेंज ईक्यूएस एसयूवी, मर्सिडीज-बेंज ईक्यूबी और एमजी एम9 जैसी थ्री-रो वाली लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से होगा, जिनकी कीमत 70 लाख रुपये से 1.4 करोड़ रुपये के बीच है। दुनिया भर में मजबूत ब्रांड पहचान होने के बावजूद भारत में टेस्ला की शुरुआत अब तक धीमी रही है। सितंबर 2025 के अंत में डिलीवरी शुरू होने के बाद से कंपनी बिक्री बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रही है और इस साल की शुरुआत में उसने अपने 2025 के स्टॉक पर 2 लाख रुपये तक की छूट भी दी थी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के अनुसार, टेस्ला ने भारत में अपने पहले छह महीनों में केवल 342 वाहनों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया, यानी हर महीने औसतन 60 से कम यूनिट्स की बिक्री हुई।