Ratlam Train Fire : मध्य प्रदेश के रतलाम के पास रविवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों के मुताबिक, बी-1 कोच में सफर कर रहे सभी 68 यात्रियों को कुछ ही मिनटों में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई।
कोच के नीचे से निकला धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में बी-1 थर्ड एसी कोच के निचले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पास में लगे एसएलआर लगेज ब्रेक वैन तक पहुंच गई। आग की लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया। स्थिति गंभीर होते देख ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित दूसरे डिब्बों में पहुंचाया गया।
RPF और रेलवे स्टाफ ने बचाई यात्रियों की जान
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ जवान और रेलवे कर्मचारी मौके पर राहत कार्य में जुट गए। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए यात्रियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में दमकल विभाग की टीम और रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद कर दी और आग से प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
रेल यातायात पर पड़ा असर
इस घटना के बाद नई दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिनमें मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी शामिल रही। बाद में ट्रैक साफ कर रेल यातायात सामान्य किया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की यात्रा पूरी कराने के लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Lucknow Bulldozer Action: हाईकोर्ट के बाहर अवैध चैंबरों पर चला बुलडोजर, वकीलों में मचा हड़कंप

