Punjab Blasts: पंजाब में देर रात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटनाएं सामने आई हैं। महज तीन घंटे के भीतर अमृतसर और जालंधर में दो संदिग्ध धमाकों ने लोगों में दहशत फैला दी। एक तरफ अमृतसर के खासा आर्मी कैंट के पास विस्फोट हुआ, वहीं जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर खड़ी स्कूटी में धमाके के बाद आग लग गई।
पंजाब में 3 घंटे में 2 धमाके
पंजाब पुलिस के मुताबिक, अमृतसर के खासा आर्मी कैंट की बाउंड्री के पास हुआ धमाका बाहर से फेंके गए विस्फोटक के कारण हुआ। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, जालंधर में शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच विस्फोट हुआ, जबकि अमृतसर में देर रात धमाका हुआ।
अमृतसर-जालंधर में संदिग्ध गतिविधियां
जांच के दौरान खासा कैंट की दीवार पर धातु जैसा संदिग्ध सामान फंसा मिला है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हमलावरों ने बाहर से विस्फोटक फेंका। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बाइक सवार नकाबपोश लोग घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
धमाके के चलते सेना क्षेत्र की टीन शेड को नुकसान पहुंचा है और दीवार के कुछ हिस्से भी प्रभावित हुए हैं। घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। हमले में ग्रेनेड के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
सेना और फॉरेंसिक टीम सक्रिय
घटना के बाद भारतीय सेना ने अपनी विशेष टीमों को तैनात कर दिया है। पुलिस की फॉरेंसिक टीम के साथ बम निरोधक दस्ता और अन्य विशेषज्ञ मौके पर जांच कर रहे हैं और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
IED इस्तेमाल की आशंका
सूत्रों के अनुसार, जालंधर और अमृतसर दोनों ही घटनाओं में IED के इस्तेमाल की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां इस एंगल पर गंभीरता से काम कर रही हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार हो रहे धमाके राज्य की शांति के लिए खतरा हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कौन पंजाब में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहा है और सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक क्यों हो रही है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले पटियाला जिले में राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भी धमाका हुआ था। हालांकि उस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: 6 May 2026 Rashifal: किस्मत देगी साथ या बढ़ेंगी मुश्किलें? जानें आपकी राशि का पूरा हाल

