Prateek Yadav’s Funeral: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुण्ठ धाम में किया जाएगा। प्रतीक यादव बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे और उनकी उम्र 38 साल थी। घटना के वक्त अपर्णा यादव मुंबई में मौजूद थीं।
सीएम योगी और अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया
प्रतीक के निधन पर उनके बड़े भाई अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया और मामले की जांच कराई जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि परिवार जो फैसला करेगा उसी के अनुरूप काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
प्रतीक के अंतिम दर्शन को जुटी रही भीड़
प्रतीक यादव के आवास पर सुबह से ही लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, भाजपा नेता, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के लोग और आम नागरिक अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। लखनऊ पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
ब्लड क्लॉटिंग की समस्या आई थी
अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने प्रतीक यादव को हाइपरटेंशन और नसों में खून के थक्के जमने यानी ब्लड क्लॉटिंग की गंभीर समस्या बताई थी। चिकित्सकों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन वह 3 मई को अचानक अस्पताल से डिस्चार्ज लेकर घर लौट आए थे। इसके बाद 5 मई को उन्होंने पैर की नसों में क्लॉटिंग की समस्या के इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में सर्जरी भी करवाई थी।
30 अप्रैल को प्रतीक को आया था हार्ट अटैक
प्रतीक यादव की तबीयत पिछले कुछ दिनों से लगातार खराब चल रही थी। 30 अप्रैल को लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतरते समय उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इसे माइनर हार्ट अटैक बताया था। उस समय समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई थी, लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था।

