PM Modi Visit Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान शहर और आसपास के इलाकों को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने करीब 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने महिला आरक्षण बिल के कुछ प्रावधानों के संसद में पास न होने को लेकर विपक्ष, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, पर निशाना साधा।
PM ने कांग्रेस-सपा को महिला आरक्षण विरोधी बताया
महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारत को विकसित बनाने का मिशन लगातार आगे बढ़ रहा है और इसमें सबसे मजबूत स्तंभ देश की नारीशक्ति है। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे एक बड़े राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए—और वह लक्ष्य है लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना। मैं आज मातृ शक्ति से आशीर्वाद लेने आया हूं।” उन्होंने आगे कहा कि सरकार की नीतियों में महिला कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
‘महिला आरक्षण का हक दिलाएंगे’
ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “हाल ही में इन दलों की वजह से हमारा प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया, लेकिन मैं आप सभी बहनों को भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।” उन्होंने काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह भूमि माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकठा और मां गंगा जैसी दिव्य शक्तियों की है, और ऐसे में बहन-बेटियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने इस अवसर को और भी पवित्र और खास बना दिया है।

