होम = Breaking = PM मोदी का संदेश: पेट्रोल, गैस और डीजल का समझदारी से उपयोग करने की अपील

PM मोदी का संदेश: पेट्रोल, गैस और डीजल का समझदारी से उपयोग करने की अपील

by | May 10, 2026 | Breaking, News Top, देश

Petrol Diesel Price Hike Fears: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नागरिकों से अपील करते हुए पेट्रोलियम उत्पादों के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और भारत की ईंधन आयात पर निर्भरता को देखते हुए लोगों से संयम बरतने की सलाह दी। यह अपील ऐसे समय में आई है जब पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और तेल कंपनियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इसी कार्यक्रम में पीएम मोदी ने तेलंगाना में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

पीएम ने संदेश में क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा समय में यह आवश्यक है कि पेट्रोल, गैस, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग बेहद संयम और समझदारी के साथ किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आयातित ईंधन का इस्तेमाल केवल आवश्यक परिस्थितियों में ही होना चाहिए, जिससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत हो सके और वैश्विक संघर्षों के नकारात्मक प्रभावों को भी कुछ हद तक कम किया जा सके।

आयातित तेल पर निर्भरता कम कर रही है सरकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिन्यूएबल और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की तेजी से बढ़ती प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पादन के मामले में भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। पीएम मोदी ने बताया कि आयातित ईंधन पर निर्भरता कम करने के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय और ऐतिहासिक प्रगति हुई है। सरकार की बहुआयामी ऊर्जा रणनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआती प्राथमिकता देश में एलपीजी की पहुंच को सुनिश्चित करना था, जबकि अब ध्यान सस्ती पाइप्ड गैस आपूर्ति के विस्तार की ओर केंद्रित किया जा रहा है।