Hardeep Singh Puri Oil Supply Assurance: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल, एलएनजी और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और फिलहाल किसी भी तरह की सप्लाई समस्या नहीं है। मंत्री ने यह भी बताया कि शुरुआत में कुछ चिंताएं थीं, लेकिन सरकार ने स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालते हुए इसे अवसर में बदल दिया है।
उन्होंने देश की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि एलपीजी के घरेलू उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि उत्पादन क्षमता जो पहले 36 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन थी, उसे बढ़ाकर अब 54 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पिछले चार वर्षों में कीमतों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
‘तेल आपूर्ति मामले में आज भारत की स्थिति बेहतर’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें नहीं पता कि होर्मुज जलडमार्ग में नाकेबंदी कितने समय तक जारी रहेगी। लेकिन मैं स्पष्ट तौर पर कह सकता हूं कि आज भारत बेहतर स्थिति में है। दुनिया के कई अन्य देशों को उपलब्धता और सप्लाई की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। वहां कीमतें 50-60 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं।
मंत्री ने PM की अपील पर दी प्रतिक्रिया
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का बयान दूरदर्शी है और यह भविष्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जीवनशैली में संभावित बदलावों पर सोचने का संकेत देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका यह अर्थ नहीं है कि किसी तरह का संकट आने वाला है, बल्कि ऐसी बातें केवल अनावश्यक घबराहट और नकारात्मक माहौल पैदा करती हैं। केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri ने बताया कि वह रोजाना तेल कंपनियों के सीएमडी के साथ स्थिति की समीक्षा करते हैं और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि तेल कंपनियों को प्रतिदिन लगभग 1000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

