NS Raja Subramani New CDS India: केंद्र सरकार ने शनिवार को देश के नए सैन्य नेतृत्व का ऐलान करते हुए रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह रक्षा मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला नौसेना प्रमुख बनाया गया है। दोनों अधिकारी 31 मई को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद एनएस राजा सुब्रमणि देश के तीसरे CDS बन जाएंगे।
सुब्रमणि ने गढ़वाल राइफल्स से कमीशन लिया था
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर चार दशक के अनुभव और रणनीतिक नेतृत्व का उदाहरण माना जाता है। दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स से भारतीय सेना में कमीशन पाने वाले सुब्रमणि ने NDA से शुरुआती सैन्य प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ब्रैकनेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में भी प्रशिक्षण हासिल किया। सैन्य शिक्षा के साथ उन्होंने अकादमिक क्षेत्र में भी मजबूत पहचान बनाई। उनके पास लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री है।
वर्तमान में सैन्य सलाहकार हैं
भारत लौटने के बाद सुब्रमणि ने माउंटेन ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर की अहम जिम्मेदारी संभाली और बाद में नेशनल डिफेंस कॉलेज, दिल्ली से उच्च सैन्य अध्ययन किया। वर्तमान में वे राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्यरत हैं, यह पद उन्होंने सितंबर 2025 में संभाला था। इससे पहले जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक वे सेना के उप-प्रमुख भी रहे। 35 साल से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने कई अहम ऑपरेशनल और रणनीतिक जिम्मेदारियां निभाकर रक्षा तंत्र में मजबूत पहचान बनाई है।

