NEET UG Re-Exam: NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है। इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहली बार मीडिया के सामने आए और पूरे मामले पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने साफ कहा कि पेपर लीक में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को हर हाल में पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा रद्द करने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया। सरकार और एजेंसियों ने करीब तीन से चार दिनों तक पूरे मामले की समीक्षा की, ताकि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो। इसके बाद री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया गया।
इससे पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए नई परीक्षा तारीखों की जानकारी साझा कर दी थी। अब NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारी NTA की ओर से जारी की जाएगी।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार की लड़ाई परीक्षा माफियाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिनसे छात्रों और अभिभावकों को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने अपील की कि केवल NTA और सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंपी गई है। उनका कहना था कि जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई तक जाएंगी और इसमें शामिल लोगों को कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले लोगों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।
धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी कहा कि सरकार नहीं चाहती कि शिक्षा माफिया की वजह से मेहनती और ईमानदार छात्रों का भविष्य प्रभावित हो। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि कथित गेस पेपर में मौजूद कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे, जिसके बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि NTA हर साल करोड़ों छात्रों की परीक्षाएं कराती है और एजेंसी की जिम्मेदारी है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और त्रुटिरहित हो। सरकार इस बात का भी ध्यान रखेगी कि दोबारा परीक्षा के कारण छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
छात्रों की सुविधा को देखते हुए NTA ने उन्हें अपनी पसंद के शहर में परीक्षा केंद्र चुनने का अवसर देने का फैसला किया है। इसके लिए छात्रों को एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। वहीं री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले साल से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित बन सकेगी।
ये भी पढ़ें: ताइवान को लेकर चीन का कड़ा रुख, ट्रंप की पहल पर क्यों भड़के मार्को रुबियो

