NEET UG 2026 paper leak: NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब इस पूरे विवाद का बड़ा कनेक्शन राजस्थान के सीकर जिले से जुड़ता दिखाई दे रहा है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों के बीच सीकर से सामने आई शिकायतों ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। मामले में अब राजस्थान SOG और CBI तक जांच पहुंच चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा समाप्त होने के बाद सीकर के कुछ निजी कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं और कुछ फैकल्टी सदस्य उद्योग नगर थाने पहुंचे थे। उनका आरोप था कि परीक्षा से पहले शहर में एक कथित ‘गेस पेपर’ वायरल हो रहा था और परीक्षा में वही सवाल देखने को मिले। छात्रों का कहना था कि इससे पेपर लीक होने की आशंका मजबूत होती है।
हालांकि आरोप है कि पुलिस थाने में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद संबंधित छात्रों और फैकल्टी ने ईमेल के जरिए अपनी शिकायत भेजी। यह शिकायत बाद में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) तक पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार SOG की टीम 8 मई को सीकर पहुंची थी। टीम ने कई कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और संदिग्ध छात्रों से पूछताछ की। जांच के दौरान कई मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए गए, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मोबाइल चैट, व्हाट्सएप ग्रुप और टेलीग्राम चैनलों में कथित प्रश्नपत्र और गेस पेपर शेयर किए जाने की बात सामने आई है। सूत्रों का दावा है कि कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए, जिससे पेपर लीक की आशंका और गहरी हो गई है।
जब इस मामले में उद्योग नगर थाने के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं आई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि शिकायत दी जाती तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाती। वहीं शिकायत करने वाले कई छात्रों और फैकल्टी से संपर्क नहीं हो पाया है, इसलिए उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क केवल राजस्थान तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि कई राज्यों में फैला हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गई हैं और CBI ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर के लाखों छात्रों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। सीकर और कोटा जैसे बड़े कोचिंग हब में छात्र और अभिभावक निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट तनाव का असर! देशभर में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, जानिए नए रेट

