Nida Khan Detained: नासिक स्थित TCS कंपनी से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर से हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई नासिक पुलिस और छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए नासिक पुलिस के हवाले कर दिया गया है और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
नाइगांव इलाके से हिरासत में ली गई आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नाइगांव क्षेत्र से पकड़ा गया। मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार थी और पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही थी। लंबे समय से चल रही खोजबीन के बाद पुलिस को यह सफलता मिली।
करीब 25 दिनों से जारी थी तलाश
जानकारी के अनुसार, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) पिछले लगभग 25 दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा खान ने अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने इसे इस महीने की शुरुआत में खारिज कर दिया था।
डिजिटल सबूतों की जांच पर जोर
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि मामले में डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य अहम तथ्यों की जांच के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले के तार नासिक के अलावा अन्य शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।
SIT ने अदालत में क्या जानकारी दी?
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित SIT ने अदालत में दावा किया था कि आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता को हिजाब और बुर्का पहनने के लिए प्रेरित किया गया था और उसे धार्मिक सामग्री व मोबाइल एप्लिकेशन भेजे गए थे।
पति से पूछताछ के बाद कई जगह छापेमारी
इससे पहले पुलिस ने निदा खान के पति से भी पूछताछ की थी। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, हालांकि आरोपी वहां नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके कुछ रिश्तेदारों के मोबाइल फोन भी बंद पाए गए थे।
ये भी पढ़ें: 8 May 2026 Rashifal: किसे मिलेगा धन लाभ और कौन रहेगा सावधान? जानें क्या कहते हैं आपके सितारे

