Iran War News: ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने ‘विश्वसनीय सूत्रों’ के हवाले से दावा किया है कि क़तर के तट के पास जिस मालवाहक जहाज़ पर हमला हुआ, वह अमेरिकी स्वामित्व वाला था। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह जहाज़ अमेरिकी मालिकाना हक़ में था और उस पर अमेरिकी झंडा भी लगा हुआ था। इस बीच, ईरान की एक अन्य सरकारी मीडिया रिपोर्ट में भी यही बात दोहराई गई है, जिससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर अमेरिका ने अब तक नहीं दी है प्रतिक्रिया
इस मामले में अब तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, ब्रिटेन की ‘मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस अथॉरिटी’ ने पहले जानकारी दी थी कि क़तर की राजधानी दोहा से लगभग 43 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में एक जहाज़ पर “अज्ञात प्रकार के प्रोजेक्टाइल” से हमला हुआ था। इस हमले में जहाज़ को मामूली नुकसान पहुंचा और उसमें आग लगने की भी सूचना दी गई।
खार्ग द्वीप के पास समुद्र में तेल का हो रहा है रिसाव
इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईरान के खार्ग द्वीप के पास समुद्र में बड़ा तेल रिसाव देखा गया है, जो करीब 20 वर्ग मील क्षेत्र में फैल चुका है। सैटेलाइट डेटा के आधार पर आशंका जताई गई है कि 3,000 बैरल से अधिक तेल समुद्र में फैल गया है, जो सऊदी अरब की दिशा में बढ़ता दिख रहा है। खार्ग द्वीप ईरान के तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में यह घटना पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा दोनों के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय मानी जा रही है।

