India US Deal: भारत और अमेरिका के बीच लगातार मजबूत हो रहे रणनीतिक रिश्तों के बीच भारतीय नौसेना को जल्द एक बड़ी सैन्य सौगात मिल सकती है। दोनों देशों के बीच करीब 3 अरब डॉलर की अहम रक्षा डील को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है। इस समझौते के तहत भारत अमेरिकी कंपनी से छह अत्याधुनिक P-8I समुद्री गश्ती और पनडुब्बी रोधी विमान खरीदेगा, जिससे नौसेना की ऑपरेशनल ताकत में बड़ा इजाफा होगा।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव को जल्द ही रक्षा मंत्रालय के सामने रखा जाएगा। मंत्रालय की मंजूरी के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) के पास भेजा जाएगा। फिलहाल भारतीय नौसेना के बेड़े में 12 P-8I विमान पहले से शामिल हैं, जिन्हें तमिलनाडु के अरक्कोनम और गोवा स्थित बेस से संचालित किया जा रहा है। ये विमान देश के पूर्वी और पश्चिमी समुद्री मोर्चों पर चौबीसों घंटे निगरानी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
छह अतिरिक्त P-8I विमानों की खरीद को मिल सकती है रफ्तार
छह और P-8I विमानों की खरीद का प्रस्ताव लंबे समय से विचाराधीन था, लेकिन लागत से जुड़े मतभेदों के चलते बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब भारत-अमेरिका संबंधों में आई नई मजबूती के बाद इस सौदे के जल्द आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। P-8I विमान भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और पनडुब्बी रोधी अभियानों की प्रमुख ताकत माने जाते हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में चीन और पाकिस्तान की गतिविधियों पर नजर रखने में इनकी भूमिका बेहद अहम है।
ड्रोन तकनीक से बढ़ेगी नौसेना की निगरानी शक्ति
मानव रहित प्रणालियों के जरिए भी भारतीय नौसेना अपनी निगरानी क्षमताओं को लगातार विस्तार दे रही है। नौसेना को 15 MQ-9 सी गार्डियन हाई-एल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्योरेंस ड्रोन मिलने की योजना है, जिनकी आपूर्ति 2029 से शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा भारतीय सशस्त्र बलों में कुल 87 मीडियम एल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्योरेंस (MALE) ड्रोन शामिल किए जाएंगे, जिनमें से बड़ी संख्या नौसेना के हिस्से में आएगी।
ये भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्ली में आज घना कोहरा और सर्द हवाओं का डबल अटैक, IMD ने जारी किया अलर्ट

