Gurugram Robbery Video Viral: गुरुग्राम में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं, जहां सरेराह लूट की एक बड़ी वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-10 इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक कार चालक को निशाना बनाते हुए उससे 11 लाख रुपये लूट लिए। यह पूरी घटना पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
बदमाशों ने कार चालक से पैसा छीनकर फरार हो गए
यह घटना सोमवार देर रात सेक्टर-10 इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार चालक जैसे ही सेक्टर-10 क्षेत्र में पहुंचा, पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपये से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइक सवार बदमाशों ने तेजी से इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश कार चालक से 11 लाख रुपये लेकर कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित कार चालक से पूछताछ कर शुरुआती जांच में लूट की पुष्टि की है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

