Bus Tanker Collision Fire Tragedy: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 यात्रियों को लेकर जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद बस में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 4 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलसकर घायल हो गए। पुलिस उपाधीक्षक एसएस भदौरिया ने घटना की पुष्टि की है।
टैंकर ने पीछे से बस में मारी टक्कर
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एसएस भदौरिया के अनुसार, यह हादसा रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुआ। प्राइवेट लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी और अपने आगे चल रहे डामर से भरे टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई।
हादसे में 4 लोगों की हुई मौत
डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि घायलों को राजकोट सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटीला रेफरल अस्पताल भेजा गया है। हादसे में जलने से 4 लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

