होम = Breaking = यूपी के फतेहपुर में सिलेंडर गैस लीक से धमाका, 9 लोग गंभीर रूप से झुलसे

यूपी के फतेहपुर में सिलेंडर गैस लीक से धमाका, 9 लोग गंभीर रूप से झुलसे

Fatehpur Gas leak Blast: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गैस रिसाव के चलते बड़ा हादसा हो गया। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में दो कमरों के एक मकान में गैस लीक होने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा घर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि बचाव के लिए पहुंचे 3 अन्य लोग भी आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को मलवां मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर रेफर किया गया, ताकि तुरंत बेहतर इलाज मिल सके।

शुरुआती जांच में गैस रिसाव की पुष्टि

मौके का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण विस्फोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने साफ किया कि सिलेंडर फटा नहीं था, बल्कि गैस रिसाव की वजह से धमाका हुआ। एसपी ने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज और निगरानी के लिए कानपुर में इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

खाना बनाते समय गैस रिसाव होने से लगी आग

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संतोष लोधी की पत्नी कलावती रविवार रात करीब नौ बजे घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। कलावती सबसे पहले इसकी चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के लिए परिवार के लोग दौड़े, लेकिन आग ने कई अन्य लोगों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। हादसे में साजन, सुलेखा, दामाद संजय, पुत्री सुनीता, नातीम, रीता, सोनी और पड़ोसी करन गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी घायलों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं।