होम = Breaking = दिल्ली के द्वारका में दर्दनाक हादसा: गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबे 3 बच्चे, मौत

दिल्ली के द्वारका में दर्दनाक हादसा: गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबे 3 बच्चे, मौत

Children Drown in Pond: दिल्ली के द्वारका के सेक्टर-24 इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। सुबह करीब 7 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और तालाब में तीनों बच्चों के शव तैरते हुए पाए गए। दमकल विभाग की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सभी बच्चों की उम्र 8 से 10 साल के बीच थी, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए पानी में उतरे होंगे और इसी दौरान डूब गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पुलिस मृतकों के परिजन का पता लगा रही है

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे गोल्फ कोर्स की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए थे, जिसके चलते किसी ने उनके आने-जाने पर ध्यान नहीं दिया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब तक बच्चों की गुमशुदगी की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में बच्चों की तस्वीरें दिखाकर पूछताछ कर रही है, ताकि उनके परिजनों का पता लगाया जा सके।

Tags : Delhi