China fireworks factory blast casualties: चीन के हुनान प्रांत में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां लियुयांग शहर स्थित हुआशेंग आतिशबाजी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास के 3 किलोमीटर क्षेत्र को खाली करा लिया गया है और राहत-बचाव के लिए बड़ी संख्या में टीमें तैनात की गई हैं।
धमाके से आस-पास के घरों को हुआ नुकसान
अधिकारियों के अनुसार विस्फोट के बाद फैक्ट्री से उड़कर आए मलबे से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हड्डियां तक टूट गईं। घायलों की उम्र 20 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक धमाके का असर करीब 1 किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया, जहां कई घरों की कांच की खिड़कियां टूट गईं और एल्युमिनियम फ्रेम भी क्षतिग्रस्त हो गए।
राष्ट्रपति जिनपिंग ने घायलों को बचाने के दिए निर्देश
विस्फोट के बाद कई लोगों के लापता होने की भी खबर है, हालांकि उनकी सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह संख्या करीब 7 बताई जा रही है। इस बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और घायलों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घटना की शीघ्र जांच कर दोषियों को जवाबदेह ठहराने और उद्योगों में जोखिम कम करने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया है।

