होम = Breaking = America Plane Crash: अमेरिका में बड़ा विमान हादसा, न्यू मैक्सिको में मेडिकल प्लेन क्रैश; 4 लोगों की मौत

America Plane Crash: अमेरिका में बड़ा विमान हादसा, न्यू मैक्सिको में मेडिकल प्लेन क्रैश; 4 लोगों की मौत

America Plane Crash: अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। एक छोटा मेडिकल विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आग लगने से स्थिति और गंभीर हो गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक यह दुर्घटना रुइदोसो (Ruidoso) क्षेत्र के बाहरी इलाके में हुई। लिंकन काउंटी प्रशासन ने पुष्टि की कि विमान में मौजूद कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बच सका। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, मेडिकल विमान ने रोसवेल एयर सेंटर से उड़ान भरी थी और उसका गंतव्य सिएरा ब्लांका रीजनल एयरपोर्ट था। उड़ान के दौरान अचानक विमान क्रैश हो गया। घटना के बाद FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है।

विमान दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में आग भी फैल गई। लिंकन काउंटी प्रशासन ने बताया कि अमेरिकी फॉरेस्ट सर्विस और स्थानीय एजेंसियां आग बुझाने के काम में जुट गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग करीब पांच एकड़ क्षेत्र में फैल गई थी।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय दक्षिणी न्यू मैक्सिको में मौसम काफी गर्म और सूखा था। रुइदोसो क्षेत्र के लिए पहले से ही ‘रेड फ्लैग’ हाई फायर रिस्क चेतावनी जारी की गई थी। अधिकारियों के अनुसार कम नमी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। उस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 56 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी।

रुइदोसो दक्षिण-मध्य न्यू मैक्सिको का एक छोटा पहाड़ी कस्बा है, जिसकी आबादी करीब 8 हजार से कम है। यह इलाका सिएरा ब्लांका पर्वत श्रृंखला के नीचे स्थित है और चारों ओर घने जंगलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से घिरा हुआ है। पास में लिंकन नेशनल फॉरेस्ट भी मौजूद है।

गौरतलब है कि पिछले डेढ़ साल में अमेरिका में मेडिकल विमानों से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं। जनवरी 2025 में फिलाडेल्फिया के एक रिहायशी इलाके में जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। वहीं पिछले साल मैक्सिकन नौसेना का एक विमान भी टेक्सास तट के पास मैक्सिको की खाड़ी में क्रैश हो गया था।

ये भी पढ़ें: ताइवान को लेकर चीन का कड़ा रुख, ट्रंप की पहल पर क्यों भड़के मार्को रुबियो

बंगाल