होम = Breaking = आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों की सांसदी पर खतरा? संजय सिंह के दावों से बढ़ी सियासी हलचल

आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों की सांसदी पर खतरा? संजय सिंह के दावों से बढ़ी सियासी हलचल

by | Apr 26, 2026 | Breaking

AAP MPs Join BJP News: आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी टकराव अब राज्यसभा तक पहुंच गया है। संजय सिंह ने रविवार को राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को पत्र लिखकर राघव चड्ढा समेत उन 7 सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है, जिन्होंने कथित तौर पर हाल ही में भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। अपनी याचिका में संजय सिंह ने इसे ‘दल-बदल’ करार देते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत सभी संबंधित सांसदों की राज्यसभा सदस्यता तुरंत रद्द करने की मांग की है।

संजय सिंह का दावा- बागी सांसदों की सदस्यता खतरें में

संजय सिंह ने अपने दावे के समर्थन में संविधान की 10वीं अनुसूची (एंटी-डिफेक्शन कानून) का हवाला दिया है। उनका कहना है कि भले ही ये सांसद संख्या बल में दो-तिहाई होने का दावा कर रहे हों, लेकिन तकनीकी और कानूनी तौर पर भाजपा में उनका विलय नियमों के खिलाफ है। संजय सिंह के मुताबिक कानून के प्रावधान बिल्कुल स्पष्ट हैं और ऐसे में इन बागी सांसदों की सदस्यता बच पाना मुश्किल है।

लीगल एक्सपर्ट की ली जा रही है सलाह

संजय सिंह ने खुलासा किया कि इस कानूनी लड़ाई को शुरू करने से पहले उन्होंने देश के जाने-माने वकील कपिल सिब्बल और लोकसभा के पूर्व महासचिवों सहित कई संविधान विशेषज्ञों से विस्तार से चर्चा की है। इसके साथ ही सभी विशेषज्ञों ने एकमत होकर माना है कि इन सांसदों का कदम असंवैधानिक है और वे अयोग्य घोषित किए जाने के पात्र हैं। इस दौरान संजय सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि कानूनी मोर्चे पर भी पूरी मजबूती और आक्रामकता के साथ लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इन बागी सांसदों का भारतीय जनता पार्टी में जाना पूरी तरह “गैरकानूनी” और “संवैधानिक मर्यादाओं” के खिलाफ है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।