Union Minister Son Case: केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे भगीरथ को पॉक्सो एक्ट मामले में तेलंगाना पुलिस ने शनिवार (16 मई) को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले बंडी संजय कुमार ने एक बयान जारी कर कहा था कि उन्होंने अपने बेटे को पुलिस के समक्ष पेश होने और जांच में सहयोग करने को कहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि उनके बेटे का कहना है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है। हालांकि, तेलंगाना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।”
मामले में केंद्रीय मंत्री संजय ने दी है प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “सत्यमेव जयते। कानून और न्यायपालिका के प्रति पूर्ण सम्मान के साथ आज मेरे बेटे बंडी भगीरथ को हमारे वकीलों के माध्यम से तेलंगाना पुलिस के समक्ष जांच के लिए पेश किया गया।” यह घटनाक्रम तेलंगाना हाई कोर्ट द्वारा भगीरथ को अंतरिम राहत देने से इनकार किए जाने के एक दिन बाद सामने आया। बंडी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में अपने बेटे को पुलिस जांच में सहयोग करने और अधिकारियों के सामने पेश होने की सलाह दी थी। उन्होंने बयान में कहा कि शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद ही उन्होंने अपने बेटे से कानून का पालन करने और जांच में पूरा सहयोग देने को कहा था।
‘हमें न्यायपालिका पर भरोसा है’
केंद्रीय मंत्री ने हालांकि कहा कि भगीरथ बार-बार कह रहा है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है। उसने अपने वकीलों के समक्ष इस संबंध में पुख्ता सबूत पेश किए हैं। बंडी संजय के मुताबिक, वकीलों का मानना था कि मामला खारिज कर दिया जाएगा और भगीरथ को जमानत मिल जाएगी, जिसके कारण देरी हुई। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में और देरी करना सही नहीं लगा। इसलिए वह खुद अपने बेटे को लेकर आए और जांच के लिए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। कुमार ने कहा, “हालांकि कोर्ट के आदेश सोमवार को आने की उम्मीद है। फिर भी न्यायपालिका के प्रति सम्मान दिखाते हुए और किसी भी तरह की और देरी से बचने के लिए मैंने अपने बेटे को जांच के लिए भेज दिया।”
भगीरत ने लड़की पर लगाया है 5 करोड़ मांगने का आरोप
भगीरथ ने भी एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। उसने कहा है कि लड़की उसे अपने परिवार के कार्यक्रमों और पार्टियों में बुलाती थी। इसके बाद उसके परिवार वालों ने भगीरथ पर उससे शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और उससे 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने लगे।
यह है पूरा मामला
पुलिस ने भगीरथ के खिलाफ 8 मई को BNS और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत 17 वर्षीय लड़की की मां ने दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि भगीरथ के उसकी बेटी के साथ संबंध थे और उसने लड़की का यौन उत्पीड़न किया है। पीड़ित लड़की की मां की शिकायत पर भगीरथ के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। FIR के मुताबिक, भगीरथ उस लड़की के साथ रिलेशनशिप में था और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया था। लड़की ने उस पर गलत तरीके से छूने और उसे जबरदस्ती शराब पिलाने का भी आरोप लगाया है।

