होम = Breaking = महंगी हुई CNG, दिल्ली में दो दिन के भीतर फिर बढ़ी कीमत; जानिए किन शहरों में कीतनी बढ़ी कीमत

महंगी हुई CNG, दिल्ली में दो दिन के भीतर फिर बढ़ी कीमत; जानिए किन शहरों में कीतनी बढ़ी कीमत

CNG Price Increased Again: रविवार सुबह 1 रुपए प्रति किलो सीएनजी की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही अब राजधानी में CNG के दाम 80 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गए हैं। इसका सीधा असर ऑटो, कैब और कमर्शियल वाहन चालकों पर पड़ेगा। इससे पहले 15 मई को सीएनजी के दामों में 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए थे। मालूम हो कि पहले पेट्रोल-डीजल और अब CNG की कीमतों में तेजी से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

जानिए किन शहरों में बढ़कर कितनी हुई CNG की कीमत

ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में अब एक किलो CNG के लिए 88.70 रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा गुरुग्राम में CNG का दाम 85.12 रुपये, जबकि मुजफ्फरनगर और मेरठ में 88.58 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। खास बात यह है कि दिल्ली में पहली बार CNG की कीमत 80 रुपये प्रति किलो के पार पहुंची है, जिससे वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।

ईरान युद्ध के चलते मंहगा हो रहा है फ्यूल

15 मई को पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी 3-3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल का दाम 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। वहीं पश्चिम एशिया में जारी ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 50 प्रतिशत से ज्यादा महंगा हो चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम लोगों पर महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।