होम = News Big = कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Marco Rubio Kolkata visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे, जहां उनकी यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। करीब 14 वर्षों बाद किसी शीर्ष अमेरिकी राजनयिक का पूर्वी महानगर दौरा हुआ है। चार दिवसीय भारत यात्रा पर आए रुबियो का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और क्षेत्रीय साझेदारियों को नई दिशा देना है। कोलकाता पहुंचने के तुरंत बाद उन्होंने मिशनरिज़ ऑफ चैरिरटी के वैश्विक मुख्यालय मदर हाउस और उससे जुड़े चिल्ड्रन्स होम का दौरा किया। इससे पहले वर्ष 2012 में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कोलकाता का दौरा किया था।

व्यापार, प्रौद्योगिकी व रक्षा के क्षेत्र पर भारत-यूएस में होगी चर्चा

मार्को रुबियो की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा को व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और हिंद-प्रशांत रणनीति जैसे अहम क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक तालमेल के बीच यह दौरा खास महत्व रखता है। यह यात्रा 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले हो रही है, जिससे इसके कूटनीतिक मायने और बढ़ गए हैं।

कोलकाता के बाद नई दिल्ली जाएंगे रुबियो

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जिओ गोर भी मार्को रुबियो के स्वागत के लिए कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर रुबियो के भारत आगमन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोलकाता दौरे के बाद रुबियो नई दिल्ली जाएंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ भारतीय नेताओं के साथ अहम मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।