होम = State = उत्तर प्रदेश = Navratri 2025: हजारों भक्तों की भीड़ को संभालेंगे मजिस्ट्रेट, प्रयागराज में चार जोन का मास्टरप्लान तैयार

Navratri 2025: हजारों भक्तों की भीड़ को संभालेंगे मजिस्ट्रेट, प्रयागराज में चार जोन का मास्टरप्लान तैयार

Navratri 2025: शारदीय नवरात्र 2025 को लेकर प्रयागराज जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी तेज कर दी है। इस बार शहर और ग्रामीण अंचल में सैकड़ों दुर्गा पूजा पंडाल सजेंगे, जहां हजारों भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंचेंगे।

चार जोन में बंटा शहर

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने जिले को चार जोन में बांटा है। शहर के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों को दो अलग-अलग जोन बनाया गया है, जबकि गंगापार और यमुनापार क्षेत्र में एक-एक जोन होगा। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एडीएम रैंक के अधिकारियों को दी गई है।

पूजा पंडालों में मजिस्ट्रेट की तैनाती

लगभग 350 पूजा पंडालों में भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है। ये अधिकारी बिजली, पानी, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे। साथ ही, पुलिस, नगर निगम, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।

प्रतिदिन होगी रिपोर्टिंग

मजिस्ट्रेट रोजाना डीएम को स्थिति की रिपोर्ट देंगे। एसीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को भी मजिस्ट्रेट के रूप में लगाया जाएगा।

डीएम का बयान

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि मजिस्ट्रेटों की तैनाती से पूजा पंडालों में किसी भी समस्या का त्वरित समाधान संभव होगा। साथ ही, वे दुर्गा पूजा समितियों से बैठक कर सभी व्यवस्थाओं पर मंथन करेंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।