Kanpur Crime News: कानपुर के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुई 11 साल की जुड़वां बहनों की निर्मम हत्या ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं, जो एक टूटते परिवार और बिगड़ते रिश्तों की भयावह तस्वीर पेश करते हैं।
आया नया अपडेट
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी पिता शशिरंजन मिश्रा और उसकी पत्नी रेशमा के बीच लंबे समय से गंभीर मतभेद चल रहे थे। दोनों एक ही घर में रहते जरूर थे, लेकिन उनके रिश्ते इतने बिगड़ चुके थे कि वे अलग-अलग कमरों में रहने लगे थे। इस दूरी की बड़ी वजह चंडीगढ़ की एक महिला से आरोपी की बढ़ती नजदीकियां बताई जा रही हैं।
चंडीगढ़ से है कनेक्शन
रेशमा के अनुसार, कोरोना काल के बाद शशिरंजन काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया था, जहां उसकी एक महिला से दोस्ती हुई। समय के साथ यह संबंध गहराता गया और वह अक्सर काम का बहाना बनाकर कई-कई दिनों तक चंडीगढ़ में रुकने लगा। इससे घर में तनाव लगातार बढ़ता गया और दंपती के बीच विवाद आम बात हो गई।
बेटियों पर सख्ती
परिवार का माहौल इतना खराब हो गया था कि बच्चों पर भी इसका असर दिखने लगा। बताया जा रहा है कि जुड़वां बेटियां रिद्धि और सिद्धि और छोटा बेटा जैसे माता-पिता के बीच बंट गए थे। वहीं, पड़ोसियों और मां के अनुसार, आरोपी पिता बेटियों पर जरूरत से ज्यादा सख्ती करता था। उन्हें बाहर खेलने या अन्य बच्चों से घुलने-मिलने की आजादी नहीं थी।
CCTV कैमरे से हुए खुलासा
शनिवार देर रात इस तनाव ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोपी ने पहले अपनी दोनों बेटियों को नशीला पदार्थ दिया, फिर एक-एक कर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, यह सुनिश्चित करने के लिए कि वे बच न सकें, उसने गले पर धारदार हथियार रखकर हथौड़े से वार किए। इस पूरी वारदात को कमरे में लगे CCTV कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया।
हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद खुद आरोपी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर हत्या की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चियों के खून से सने शव बेडरूम की फर्श पर पाए, जबकि आरोपी वहीं मौजूद था। दूसरे कमरे में सो रही मां रेशमा को जब घटना की जानकारी दी गई, तो वह बदहवास हो गईं।
हत्या की वजह नहीं बताई
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चापड़ और हथौड़ा बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन उसने अब तक हत्या की वजह साफ तौर पर नहीं बताई है। फिलहाल पुलिस उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि चंडीगढ़ वाली महिला से जुड़े पहलुओं और संभावित कारणों की गहराई से जांच की जा सके।
सिलीगुड़ी की रेशमा से प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, शशिरंजन मूल रूप से बिहार के गया का रहने वाला है और चंडीगढ़ की एक दवा कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने 2014 में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली रेशमा से प्रेम विवाह किया था। परिवार में दो जुड़वां बेटियां और एक छह साल का बेटा है। इस दर्दनाक घटना के बाद जहां एक ओर पूरा इलाका सदमे में है, वहीं यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि आखिर पारिवारिक कलह और निजी रिश्तों की उलझन किस हद तक इंसान को इतना क्रूर बना सकती है।
ये भी पढ़ें: “टीवी बंद करने की जिद… और फिर खौफनाक रात” कानपुर में पिता बना हैवान, CCTV में कैद पूरी वारदात

