Odisha: ओडिशा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम कदम उठाते हुए राज्य के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में किंडरगार्टन (KG) से लेकर पोस्टग्रेजुएट (PG) स्तर तक की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त करने का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि यह फैसला अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है। इससे राज्य के लाखों छात्रों को लाभ मिलेगा और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। खासतौर पर आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित रहने वाले परिवारों के बच्चों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताए फैसले के फायदे
बीजेपी सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस फैसले का लाभ राज्य के सभी छात्रों को मिलेगा, लेकिन विशेष रूप से छात्राओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इससे राहत मिलेगी, जो संसाधनों की कमी के कारण स्कूल या कॉलेज नहीं जा पाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को पूरी तरह मुफ्त और सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से सरकार ने यह निर्णय लिया है। उनके अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में देश में इस तरह का फैसला पहले शायद ही कभी लिया गया हो। उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक असर भविष्य में भी देखने को मिलेगा और इससे राज्य के युवाओं का भविष्य मजबूत होगा, जिससे विकास को भी गति मिलेगी।
केरल में भी चल रही है तैयारी
ओडिशा के अलावा केरल में भी स्कूली शिक्षा के साथ-साथ कॉलेज स्तर तक की पढ़ाई को मुफ्त करने की तैयारी चल रही है। हाल ही में राज्य के शिक्षा मंत्री ने ऐसा प्रस्ताव रखा है, जिसमें स्कूल से लेकर कॉलेज तक की शिक्षा को निशुल्क करने की बात कही गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में केरल में भी इस संबंध में नियम लागू किए जा सकते हैं।
ये भी पढ़े: केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, 16 साल के शानदार करियर का हुआ अंत

