होम = State = गुजरात = जंगल के राजा ने गांव में मचाया आतंक, तहखाने में घुसकर पालतू जानवर को बनाया शिकार, देखे वीडियो

जंगल के राजा ने गांव में मचाया आतंक, तहखाने में घुसकर पालतू जानवर को बनाया शिकार, देखे वीडियो

by | Oct 30, 2025 | गुजरात

Gujarat News: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जंगल के राजा अब गांवों की दहलीज तक पहुंच गए हैं। कोडिनार तालुका के आलीदार गांव में देर रात दो शेरों के अचानक प्रवेश से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक, ये दोनों शेर शिकार की तलाश में गांव में दाखिल हुए और सीधे एक घर के तहखाने की ओर बढ़ गए।

ग्रामीणों ने बताया कि तहखाने में बंधे एक पालतू जानवर पर दोनों शेरों ने हमला कर दिया। कुछ ही मिनटों में उन्होंने जानवर को मार डाला और फिर वहीं बैठकर शिकार का आनंद लेते रहे। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं।

शेरों के मानव बस्तियों में आने की घटनाएं बढ़ी

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ड्रोन और सर्च लाइट की मदद से इलाके की तलाशी शुरू की। सुबह के समय शेरों को गांव के बाहर की दिशा में जाते देखा गया, जिसके बाद राहत की सांस ली गई। गौरतलब है कि गिर अभयारण्य से सटे गांवों में बीते कुछ महीनों से शेरों के मानव बस्तियों के करीब आने की घटनाएं बढ़ी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगल में शिकार की कमी और पानी की तलाश में ये शेर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर खिंचे चले आ रहे हैं।

फिलहाल वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। लेकिन आलीदार गांव में शेरों की इस दस्तक ने लोगों के दिलों में डर के साथ-साथ कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं क्या जंगल अब गांवों के दरवाजे तक आ चुका है?

ये भी पढ़े – इंदौर मॉडल ने फिर जीता दिल! असम की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी भी सीखेंगे स्वच्छता का ये फॉर्मूला, जानिए पूरी खबर