Gujarat News: गुजरात के बोटाद जिले में आयोजित किसान सम्मेलन ने सोमवार को सियासत का तापमान बढ़ा दिया। मंच पर जैसे ही कांग्रेस नेताओं ने माइक संभाला, वैसे ही BJP सरकार पर तीखे हमले शुरू हो गए। सम्मेलन का केंद्र बिंदु बना भ्रष्टाचार, पुलिस अत्याचार और किसानों की बदहाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने इस मौके पर BJP सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गुजरात की जनता अब अत्याचार और भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है।
उन्होंने कहा, हद्दाद मामले ने यह साबित कर दिया है कि राज्य की पुलिस और सरकार दोनों आम लोगों की नहीं, सत्ता के संरक्षण में रहने वालों की रक्षा कर रही हैं। चावड़ा ने कहा “दंगे कराने वाले लोग खेतों में छिपे हुए हैं, लेकिन निर्दोष लोगों को जेल में डाल दिया गया है। कांग्रेस हर उस निर्दोष व्यक्ति के साथ खड़ी है जिसे झूठे मामलों में फंसाया गया है।
सहनशीलता की सीमा टूटी
अमित चावड़ा ने CM की कार्यशैली पर भी सीधा प्रहार करते हुए कहा कि गांधी और सरदार पटेल के गुजरात में अब सहनशीलता की सीमा टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि यह वही धरती है जिसने सत्य, अहिंसा और न्याय की राह दिखाई थी, लेकिन आज यहां भय और अन्याय का शासन है। उन्होंने सवाल उठाया अगर पुलिस ही अत्याचार करेगी, लूटपाट और भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैला रहेगा, तो फिर आम आदमी न्याय की उम्मीद किससे करे?
अब बदलाव की बयार उठ चुकी
कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब बदलाव की बयार उठ चुकी है। युवाओं का रुझान कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है और यही गुजरात की राजनीति में नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने कहा, “हम हर खेत, हर गांव और हर युवा की आवाज बनकर सामने आएंगे। अब गुजरात को नया नेतृत्व और नई दिशा चाहिए।
बोटाद का यह सम्मेलन कांग्रेस के लिए एक सियासी मंच ही नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसमर्थन जुटाने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है। चावड़ा के इस तीखे भाषण ने न केवल भाजपा के खिलाफ माहौल बनाया बल्कि यह भी संकेत दे दिया कि आने वाले दिनों में गुजरात की राजनीति और भी गर्माने वाली है।
ये भी पढ़े – जयपुर में हाईटेंशन लाइन से बस में लगी आग, 3 की मौत और 12 झुलसे

