Gujarat News: गुजरात के राजकोट में गुरुवार की सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना हुई, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया। नागेश्वर इलाके के सम्मेद शिखर अपार्टमेंट में एक पति ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपनी पत्नी पर गोलियां बरसाईं और कुछ ही सेकंड बाद खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अपार्टमेंट की पार्किंग में हुआ यह पूरा खूनी ड्रामा CCTV कैमरे में साफ कैद हो गया।
कैसे हुई वारदात
घटना 15 नवंबर सुबह 9:45 बजे की है। 42 वर्षीय लालजी पढ़ियार अपनी पत्नी तृषा पढ़ियार (39) का इंतजार कर रहा था। तृषा अपनी रोज़ की तरह योगा क्लास से घर लौटी ही थीं कि दोनों के बीच पार्किंग में तीखी बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ते ही लालजी ने तुरंत अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और तृषा के गले पर निशाना साधकर गोली दाग दी। तृषा वहीं गिर पड़ीं। इसके बाद लालजी ने पल भर में खुद के सिर पर रिवॉल्वर रखकर ट्रिगर दबा दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि तृषा ने अस्पताल में दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।
भतीजे से प्रेम संबंध
जांच में सामने आया कि पति-पत्नी पिछले डेढ़ महीने से अलग रह रहे थे। तृषा अपनी दोस्त पूजा के घर रहती थीं। परिजनों व पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ, तृषा का लालजी के परिवार के ही भतीजे विशाल से कथित प्रेम संबंध था। यही शक लालजी को भीतर ही भीतर खा रहा था। परिवार वालों ने बताया कि लालजी लगातार तृषा को घर लौटने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तृषा ने साफ मना कर दिया। इसी नाराजगी के बाद उसने इस वारदात की साजिश रची।
पुलिस की जांच
पुलिस ने भी ‘अवैध संबंध’ वाले एंगल की पुष्टि की है, हालांकि कथित प्रेमी विशाल ने किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है और इसे गलतफहमी बताया है। फिलहाल पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड, मैसेज और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह शक था, सच था… या फिर किसी और वजह से यह रिश्ता खून-खराबे में बदल गया।

