होम = State = बिहार = महुआ में वोटिंग के बीच हंगामा! EVM की फोटो लेने पहुंचा वोटर गिरफ्तार, तेज प्रताप की प्रतिष्ठा दांव पर

महुआ में वोटिंग के बीच हंगामा! EVM की फोटो लेने पहुंचा वोटर गिरफ्तार, तेज प्रताप की प्रतिष्ठा दांव पर

by | Nov 6, 2025 | बिहार

Bihar Phase 1 Voting: बिहार के वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तीसरे चरण की वोटिंग के दौरान यहां गुरुवार को अचानक हंगामा मच गया। मतदान केंद्र पर एक युवक EVM की फोटो लेने की कोशिश कर रहा था, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा और माहौल गर्मा गया। पुलिस और चुनाव आयोग की टीम ने स्थिति पर काबू पाया, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है।

तेज प्रताप यादव की सियासी किस्मत

दरअसल, महुआ सीट इस बार केवल एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि तेज प्रताप यादव की सियासी किस्मत का अखाड़ा बन गई है। कभी इसी सीट से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले तेज प्रताप इस बार अपने नए राजनीतिक मंच जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। राजद से अलगाव और पारिवारिक मतभेदों के बाद वह अब खुद को “राजनीतिक रूप से जीवित” रखने की कोशिश में हैं। यह चुनाव उनके लिए राजनीतिक अस्तित्व की सबसे बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

बड़ा प्लस पॉइंट

महुआ का मुकाबला अब त्रिकोणीय हो चुका है। राजद से मौजूदा विधायक डॉ. मुकेश कुमार रौशन फिर मैदान में हैं, जिन्हें पिछली बार तेज प्रताप पर जीत मिली थी। राजद ने इस सीट को किसी भी कीमत पर बचाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, एलजेपी (रामविलास) से संजय कुमार सिंह को एनडीए का समर्थन प्राप्त है। सवर्ण और राजपूत मतदाताओं के साथ-साथ एनडीए की एकजुटता उनके लिए बड़ा प्लस पॉइंट मानी जा रही है।

पुराने साथी अब विरोधी

उधर, तेज प्रताप यादव ने भावनात्मक अपील के सहारे अपने पुराने वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति अपनाई है। उन्होंने कई जनसभाओं में कहा है कि “महुआ उनकी कर्मभूमि और पहचान है।” लेकिन समीकरण उतने सरल नहीं हैं पुराने साथी अब विरोधी हैं, और जनता अब तटस्थ नजर आ रही है। एक तरफ जहां तेज प्रताप के समर्थक इसे “वापसी की लड़ाई” बता रहे हैं, वहीं विरोधी इसे “राजनीतिक अंत का शुरुआती संकेत” कह रहे हैं। नतीजा चाहे जो भी हो, पर इतना तय है कि महुआ इस बार बिहार की सबसे दिलचस्प और सस्पेंस भरी सीट बन चुकी है।

ये भी पढ़े : Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता