Mokama Murder : मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी और विवादित पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह को जन सुराज कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद मोकामा की सियासत में हलचल मच गई है।
आरजेडी प्रत्याशी और बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी का इसपर पहला बयान आया है। उन्होंने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला दो प्रत्याशियों के बीच का है और इसमें उनका या उनकी पार्टी का कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, “देखिए वो सब तो पुलिस अधिकारी जानेंगे क्या हो रहा है, क्या नहीं। इस पर हमलोग का कुछ कहना नहीं है। घटना दो प्रत्याशी के बीच में हुआ है, इसमें हम लोग का कुछ लेना-देना नहीं है। देखिए वो सब प्रशासन और न्यायालय का मामला है, उसमें हम लोगों को कोई लेना-देना नहीं है। चुनाव आयोग हर चीज़ पर नजर रख रहा है।”
इसके अलावा, वीणा देवी ने अपने चुनाव प्रचार की स्थिति पर भी बात की और कहा, “बहुत अच्छा चल रहा है… ये परशुराम की धरती है, और ये परशुराम की धरती की बहु है। जनता सब देखती है, अगर कुछ भी होगा तो परशुराम की धरती का अपमान होगा।”
अनंत सिंह की गिरफ्तारी का मामला
पटना पुलिस ने शनिवार को अनंत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने पुष्टि की कि पुलिस इस केस में लगातार जांच कर रही थी। गिरफ्तारी से मोकामा की राजनीति में नई हलचल मची है, खासकर तब जब विधानसभा चुनाव के लिए माहौल पहले से ही तनावपूर्ण था।
बता दें कि 30 अक्टूबर को मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान दो राजनीतिक गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान पथराव और फायरिंग हुई, जिसमें जन सुराज के 75 वर्षीय कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए।

