Bihar News: बिहार में चुनावी माहौल के बीच एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। विपक्ष और सत्तारूढ़ दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में जुट गए हैं, वहीं जनता के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव में हिंसा की कोई जगह नहीं है।
उन्होंने मोकामा कांड की निष्पक्ष जांच की मांग की और सवाल उठाया कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद लोग बंदूक लेकर कैसे घूम रहे हैं। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “देश के प्रधानमंत्री 20 साल पुरानी बातें करते हैं, जबकि बिहार में आज कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है।
क्या है मामला
मोकामा से पहले, सिवान में एक SI की गला रेतकर हत्या की गई थी, और अब मोकामा में दुलारचंद यादव की मौत ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले गया जिले के टेकारी में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के विधायक अनिल कुमार पर भी हमला हुआ था। इन घटनाओं पर JDU के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि दोनों मामले बेहद निंदनी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी। जानकारी के अनुसार, गया हमले के मामले में अब तक 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इधर, मोकामा की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गोलीबारी और अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है। बताया जा रहा है कि गोली लगने से दुलारचंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई। अब देखना होगा कि क्या यह मामला सियासी बहस तक सीमित रहेगा या फिर सच में न्याय की राह तक पहुंचेगा, क्योंकि बिहार की सियासत में हर गोली, एक नई कहानी बन जाती है।
ये भी पढ़े – भारत में Starlink की एंट्री की तैयारी, आज से सिक्योरिटी डेमो की शुरुआत, जानें क्या है और कैसे काम करेगा ?

