Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव में अब फिल्मी तड़का भी जुड़ गया है। जनशक्ति जनता दल (JJD) नेता तेज प्रताप यादव के प्रचार के लिए मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री पाखी हेगड़े मैदान में उतर चुकी हैं। सोमवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेज प्रताप यादव की जमकर तारीफ की। पाखी हेगड़े ने कहा कि “तेज प्रताप यादव बहुत पहले से निखर चुके हैं।
पहले वह थोड़े दबे हुए थे, लेकिन अब उनकी अपनी एक अलग पहचान बन चुकी है।” उन्होंने आगे कहा कि तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के बीच चल रहे मतभेद को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। पाखी ने कहा, “यह दोनों भाइयों का पारिवारिक मामला है। आने वाले समय में संभव है कि दोनों फिर एक साथ नजर आएं।”
खेसारी को सपोर्ट
पत्रकारों ने जब उनसे भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों के बीच चल रही बयानबाजी पर सवाल पूछा तो पाखी ने साफ कहा कि यदि निरहुआ ने खेसारी लाल यादव को ‘यदमुल्ला’ कहा है, तो यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, “खेसारी हमारे भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार हैं और मैं चाहती हूं कि वे चुनाव जीतकर आएं।” राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए पाखी हेगड़े ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “पहले बिहार में डर का माहौल था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। सड़कों से लेकर सुरक्षा तक, सबकुछ बेहतर हुआ है। सरकार सही दिशा में काम कर रही है।”
सिनेमा के सितारे को रंग
इस बीच, महागठबंधन में भी हलचल बढ़ी हुई है। तेजस्वी यादव ने गौरा बौराम विधानसभा सीट से वीआईपी पार्टी प्रत्याशी संतोष साहनी के समर्थन में मतदाताओं से अपील की है। वहीं, RJD ने सोमवार को अपने उम्मीदवार अफजल अली खान को पार्टी से निष्कासित कर दिया। बिहार की सियासत में अब नेताओं के साथ-साथ सिनेमा के सितारे भी रंग जमा रहे हैं और इससे चुनावी माहौल और दिलचस्प हो उठा है।
ये भी पढ़ें: SIR पर मचा सियासी बवाल: 12 राज्यों में कल से मतदाता सूची पुनरीक्षण, विपक्ष ने जताया विरोध

