होम = State = बिहार = बिहार में बंपर वोटिंग, पहले चरण में मतदाताओं ने तोड़ा रिकॉर्ड, क्या बदलने वाला है सियासी गणित

बिहार में बंपर वोटिंग, पहले चरण में मतदाताओं ने तोड़ा रिकॉर्ड, क्या बदलने वाला है सियासी गणित

by | Nov 6, 2025 | बिहार

First Phase Voting Percentage: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आ रही हैं। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक 18 जिलों की 121 सीटों पर 42.3 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। यह आंकड़ा 2020 के मुकाबले लगभग 9.2 प्रतिशत ज्यादा है। इस रुझान को देखकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज है आखिर इतनी बंपर वोटिंग किसके पक्ष में जा रही है?

पिछली बार से बेहतर रुझान

2020 के विधानसभा चुनाव में पहले चरण के दौरान दोपहर 1 बजे तक सिर्फ 33.1 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। उस वक्त मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा था, लेकिन अंत में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाने में कामयाब रहा था। इस बार के आंकड़े बता रहे हैं कि जनता पहले से कहीं ज्यादा मतदान को लेकर उत्साहित है। चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और ग्रामीण इलाकों में अभूतपूर्व भीड़ देखी जा रही है।

नेताओं की अपील का असर

इस बार सभी बड़े नेताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जनता से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की थी। ऐसा लग रहा है कि इन अपीलों का असर सीधा मतदाताओं पर पड़ा है। सोशल मीडिया पर “पहले वोट, फिर जलपान” जैसे नारे खूब चल रहे हैं। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी इस बार खास तौर पर बढ़ी है।

कहां कितनी वोटिंग

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले की मीनापुर सीट पर सबसे ज्यादा 65.2 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है, जबकि पटना की कुम्हरार सीट पर सिर्फ 35.27 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, कई ग्रामीण सीटों पर मतदान 60 प्रतिशत के पार पहुंच चुका है। चुनाव आयोग का मानना है कि शाम तक कुल मतदान 60 प्रतिशत से अधिक हो सकता है, जो बिहार में एक नया रिकॉर्ड होगा।

बंपर वोटिंग का मतलब क्या है?

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में वोटिंग होना एंटी-इनकंबेंसी या बदलाव की लहर का संकेत हो सकता है। पर कुछ विशेषज्ञ इसे जनता की राजनीतिक जागरूकता और सक्रियता का प्रतीक भी मान रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि यह उत्साह किसके हक में जाता है सत्ता पक्ष या विपक्ष?

एक बात तो तय है इस बार बिहार के मतदाताओं ने बता दिया है कि लोकतंत्र का असली उत्सव अब जागरूक जनता के हाथ में है, और आने वाले नतीजे राजनीति की दिशा तय करने वाले होंगे।

ये भी पढ़े : Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता