होम = State = बिहार = भैंस पर सवार होकर वोट डालने पहुंचा मतदाता, वैशाली में अनोखा नज़ारा बना चर्चा का केंद्र, देखें VIDEO

भैंस पर सवार होकर वोट डालने पहुंचा मतदाता, वैशाली में अनोखा नज़ारा बना चर्चा का केंद्र, देखें VIDEO

by | Nov 6, 2025 | बिहार

Bihar First Phase Voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही वोटिंग केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इसी बीच वैशाली जिले से एक ऐसा नज़ारा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। यहां भगवानपुर प्रखंड के एक ग्रामीण केदार प्रसाद यादव मतदान केंद्र पर भैंस पर सवार होकर पहुंचे और देखते ही देखते यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बिहार के गजब लोग

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि केदार यादव भैंस पर आराम से बैठे हैं, हाथ में वोटर आईडी कार्ड लिए हुए हैं और मतदान केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं। सिर पर टोपी, आंखों पर काला चश्मा और चेहरे पर संतोष की मुस्कान ये तस्वीरें अब चर्चा का विषय बन चुकी हैं। आसपास की महिलाएं भी गीत गाते हुए उनके साथ चल रही हैं, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। यह अनोखी घटना सिर्फ मनोरंजक ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जनता के उत्साह की मिसाल भी बन गई है। गांव के लोगों का कहना है कि केदार यादव हर चुनाव में वोट डालते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने खास तरीके से मतदान केंद्र पहुंचकर सभी का ध्यान खींच लिया।

RJD का पारंपरिक गढ़

वैशाली जिले में कुल आठ विधानसभा सीटें हैं हाजीपुर, लालगंज, वैशाली, राजापाकर, पातेपुर, मेहनार, महुआ और राघोपुर। इनमें सबसे अधिक सुर्खियों में राघोपुर सीट है, जहां से महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव मैदान में हैं। इस सीट को RJD का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, और यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।

वोट डालने जरूर जाए

भगवानपुर, जहां यह घटना हुई, सामाजिक और जातीय समीकरणों के लिहाज से अहम इलाका है। यहां वोटर पारिवारिक प्रभाव और स्थानीय मुद्दों के आधार पर मतदान करते हैं। भैंस पर बैठकर वोट डालने पहुंचे केदार यादव का यह अंदाज़ लोगों को न केवल हंसा रहा है, बल्कि एक गहरी सीख भी दे रहा है “चाहे जैसे भी जाएं, लोकतंत्र के इस पर्व में वोट जरूर डालें।”

ये भी पढ़े : Bihar 1st Phase Voting : पहले चरण की वोटिंग जारी; तेजस्वी यादव, मैथिली ठाकुर ने डाला वोट, जानिए क्या बोले नेता