होम = Cover Story Featured = रामनगर-उधमपुर हाईवे पर बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरी यात्रियों से भरी बस, अब तक 15 लोगों की मौत व कई लोगों के हताहत होने की आशंका

रामनगर-उधमपुर हाईवे पर बड़ा हादसा: पहाड़ी से गिरी यात्रियों से भरी बस, अब तक 15 लोगों की मौत व कई लोगों के हताहत होने की आशंका

Bus Accident News: जम्मू-कश्मीर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब यात्रियों से भरी एक बस रामनगर-उधमपुर हाईवे पर कानोटे गांव के पास पहाड़ी से नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई जबकि कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन व बचाव दल तुरंत राहत कार्य में जुट गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी तैयारी की जा रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी एक्स पोस्ट के जरिए राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह न घटना पर संज्ञान लिया

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने एक पोस्ट के जरिए इस दुर्घटना की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की है और उन्हें जानकारी मिली है कि रामनगर से उधमपुर जा रही एक सार्वजनिक परिवहन बस कानोटे गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मौके पर तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन और राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली अपनी स्थानीय कार्यकर्ता टीम के संपर्क में हैं, ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।