PM Modi Somnath Maha Abhishek: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात दौरे पर सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लिया। इस दौरान पीएम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में देशभर से आए श्रद्धालुओं और कलाकारों ने हिस्सा लिया।
सोमनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना
पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ महा-अभिषेक किया। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल इस मंदिर के शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक भी किया गया। मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
75वीं वर्षगांठ पर आयोजित हुआ अमृत पर्व
यह आयोजन भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम में कई राज्यों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने समारोह में भाग लिया।
पीएम मोदी का भव्य रोड शो
सोमनाथ पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शहर में रोड शो किया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे मौजूद रहे। लोगों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर पीएम का अभिवादन किया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
सरदार धाम कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
सोमनाथ महोत्सव में शामिल होने के बाद पीएम मोदी वडोदरा में आयोजित सरदार धाम के उद्घाटन कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किया लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी यात्रा से पहले सोशल मीडिया पर एक लेख साझा किया था, जिसमें उन्होंने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया। पीएम ने मंदिर की रक्षा और पुनर्निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सोमनाथ भारत की आस्था, संघर्ष और पुनर्निर्माण का प्रतीक है।
सोमनाथ की ऐतिहासिक विरासत
अपने लेख में पीएम मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की सभ्यता और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक रहा है। उन्होंने मंदिर की यात्रा को ‘विध्वंस से पुनर्निर्माण’ और ‘संघर्ष से सृजन’ की प्रेरणादायक कहानी बताया।
ये भी पढ़ें: 11 May 2026 Rashifal: किन राशियों को मिलेगा लाभ और किसे रहना होगा सतर्क, जानिए अपना राशिफल

