Winter Session Of Parliament: लोकसभा में देर रात तक मनरेगा का नाम बदलकर VB-G राम जी करने के बिल पर चर्चा हुई, जिसका जवाब ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गंभीरता और दृढ़ता से दिया। उन्होंने विपक्ष के विरोध को गांव के विकास का विरोध बताया और कहा कि हमारी नीतियाँ संकीर्ण या सीमित नहीं हैं।
शिवराज ने महात्मा गांधी के आदर्शों का सम्मान करते हुए कहा कि गांधी हमारे प्रेरणा, आस्था और विश्वास हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हंगामा कर सदस्यों की बात न सुनना लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अवहेलना है और गांधी के सिद्धांतों की हत्या है। शिवराज ने जोर देकर कहा कि यह बिल गांवों और ग्रामीण भारत के विकास का बिल है।
उन्होंने साफ कहा कि देश के किसी भी राज्य के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। चेन्नई हो या गुवाहाटी, अलग भाषा या पहनावा, सभी हमारे लिए एक हैं। शिवराज ने भारत को जीता-जागता राष्ट्रपुरुष बताते हुए कहा कि कश्मीर इसका मस्तक है और पूरे देश का विकास मोदी सरकार का कर्तव्य है।
शिवराज ने संघ के योगदान को याद करते हुए कहा कि लाखों कार्यकर्ता राष्ट्रनिर्माण में लगे हैं। उन्होंने “सिया राम मय सब जग जानी, हिंदुत्व है धर्म की जय, अधर्म का नाश” का संदेश देते हुए वसुधैव कुटुम्बकम और ग्रामीण विकास के महत्व पर जोर दिया।

