होम = लाइफस्टाइल = Winter Skin Care: सर्दियों में स्किन हो रही है ड्राई और डल, ये 5 नेचुरल टोनर देंगे इंस्टेंट हाइड्रेशन

Winter Skin Care: सर्दियों में स्किन हो रही है ड्राई और डल, ये 5 नेचुरल टोनर देंगे इंस्टेंट हाइड्रेशन

Winter Skin Care: ठंड के मौसम में ठंडी और शुष्क हवाएं त्वचा की नमी छीन लेती हैं, जिससे स्किन रूखी, बेजान और खिंची हुई महसूस होने लगती है। कई लोगों को इस दौरान खुजली, रैशेज और ड्राई पैच जैसी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। कई बार महंगे मॉइश्चराइजर भी इस समस्या पर असर नहीं दिखा पाते। ऐसे में जरूरी है कि स्किन केयर रूटीन में क्लींजिंग, टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग को सही तरीके से शामिल किया जाए। अच्छी बात यह है कि आप घर में मौजूद प्राकृतिक चीजों से ही ऐसे असरदार टोनर तैयार कर सकते हैं, जो त्वचा को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ सॉफ्ट और हेल्दी बनाने में मदद करते हैं।

एप्पल साइडर विनेगर टोनर

एप्पल साइडर विनेगर को प्राकृतिक स्किन टोनर माना जाता है। यह त्वचा के पीएच लेवल को संतुलित रखने में सहायक होता है। इसमें मौजूद एसिटिक एसिड स्किन को साफ करने, हल्का एक्सफोलिएशन करने और बैक्टीरिया से बचाने में मदद करता है। इसे बनाने के लिए एप्पल साइडर विनेगर को पानी में मिलाएं और कॉटन बॉल की सहायता से चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं।

रोज वॉटर और ग्लिसरीन टोनर

ड्राई स्किन के लिए गुलाब जल बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह त्वचा को नमी देता है और इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण स्किन को शांत रखने में मदद करते हैं। आप 40 एमएल गुलाब जल में 5 एमएल ग्लिसरीन मिलाकर टोनर तैयार कर सकते हैं। साफ चेहरे पर इसे कॉटन बॉल से लगाएं।

खीरे का नेचुरल टोनर

खीरा अपनी कूलिंग और मॉइश्चराइजिंग खूबियों के लिए जाना जाता है। यह न सिर्फ त्वचा को ठंडक देता है, बल्कि सनबर्न और जलन को भी शांत करता है। इसके लिए खीरे को कद्दूकस कर उसका रस निकाल लें। इस रस को फ्रिज में स्टोर करें और जरूरत पड़ने पर कॉटन बॉल से चेहरे पर लगाएं।

ग्रीन टी टोनर

ग्रीन टी में टोनिंग और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को फ्रेश और क्लीन बनाए रखते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व स्किन को नुकसान से बचाते हैं। दो कप पानी उबालकर उसमें दो ग्रीन टी बैग डालें और करीब 20 मिनट तक छोड़ दें। ठंडा होने पर इसे बोतल में भरकर फ्रिज में रखें और कॉटन बॉल से चेहरे पर लगाएं।

शहद और पुदीना टोनर

शहद एक बेहतरीन ह्यूमेक्टेंट है, जो त्वचा को गहराई से मॉइस्चराइज करता है। वहीं पुदीना स्किन को रिफ्रेश करने के साथ पोर्स की दिखावट को कम करने में मदद करता है। पुदीने की पत्तियों को पानी में उबालकर छान लें, फिर इस लिक्विड में शहद मिलाएं। ठंडा होने के बाद इसे चेहरे पर लगाएं और सॉफ्ट, ग्लोइंग स्किन पाएं।

ये भी पढ़ें: Gupt Navratri 2026: आज गुप्त नवरात्रि का पहला दिन, भूलकर भी न करें ये गलतियां