होम = लाइफस्टाइल = Migraine Relief Remedy: माइग्रेन क्या है और क्यों होता है तेज सिरदर्द, जानें लक्षण और राहत पाने के घरेलू उपाय

Migraine Relief Remedy: माइग्रेन क्या है और क्यों होता है तेज सिरदर्द, जानें लक्षण और राहत पाने के घरेलू उपाय

Migraine Relief Remedy: माइग्रेन एक गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या मानी जाती है, जिसमें व्यक्ति को अचानक तेज सिरदर्द का सामना करना पड़ता है। यह दर्द अक्सर सिर के एक हिस्से में अधिक महसूस होता है, हालांकि कई मामलों में दोनों ओर भी हो सकता है। माइग्रेन के दौरान सिर में तेज दबाव, धड़कन जैसा दर्द और असहनीय बेचैनी होती है। इस स्थिति में हल्की आवाज, तेज रोशनी या मामूली शोर भी दर्द को बढ़ा सकता है।

कई मरीजों को मतली, उल्टी और कमजोरी जैसी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। माइग्रेन का असर कुछ घंटों से लेकर कई दिनों तक रह सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय प्राकृतिक और नेचुरल उपायों से भी माइग्रेन में राहत पाई जा सकती है।माइग्रेन के पीछे कोई एक ठोस कारण सामने नहीं आया है, लेकिन हार्मोनल बदलाव, तनाव और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें इसके लिए जिम्मेदार मानी जाती हैं। इस रिपोर्ट में जानेंगे कि माइग्रेन किन कारणों से ट्रिगर होता है, इसके लक्षण क्या हैं और किन प्राकृतिक उपायों से दर्द में राहत मिल सकती है।

किन कारणों से ट्रिगर होता है माइग्रेन?

माइग्रेन के मरीजों में नींद पूरी न होना, अत्यधिक तनाव और मानसिक थकान इसके प्रमुख ट्रिगर माने जाते हैं। मौसम में बदलाव, खासतौर पर ठंड या उमस बढ़ने पर भी कई लोगों को माइग्रेन की समस्या होने लगती है। खानपान की बात करें तो कैफीन, अल्कोहल और प्रोसेस्ड फूड माइग्रेन के दर्द को बढ़ा सकते हैं। इसलिए संतुलित दिनचर्या और सही डाइट का पालन करना जरूरी माना जाता है। महिलाओं में हार्मोनल बदलाव, पीरियड्स या गर्भावस्था के दौरान भी माइग्रेन का खतरा बढ़ सकता है।

माइग्रेन की पहचान कैसे करें?

माइग्रेन के लक्षण सामान्य सिरदर्द से अलग होते हैं। इसमें सिर में तेज, चुभने वाला दर्द होता है, जो धड़कन के साथ बढ़ सकता है। इसके साथ मतली, उल्टी, रोशनी और आवाज से चिढ़ होना आम लक्षण हैं। कई लोगों को सोचने-समझने में दिक्कत, चिड़चिड़ापन और मानसिक धुंध (मेंटल फॉग) महसूस होती है। माइग्रेन का असर आंखों पर भी पड़ता है, जिससे धुंधला दिखना, झुनझुनी या भारीपन महसूस हो सकता है।

माइग्रेन से राहत दिलाने वाले नेचुरल उपाय

लेमन वाटर का सेवन

माइग्रेन के दर्द में लेमन वाटर फायदेमंद माना जाता है। इसके लिए गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें, एक चुटकी नमक और थोड़ा सा गुड़ मिलाएं। इसे भोजन से पहले धीरे-धीरे पीने से शरीर को ऊर्जा मिलती है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है।

मुनक्का का उपयोग

माइग्रेन में मुनक्का भी राहत दे सकता है। पांच मुनक्का रातभर पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट चबाकर खाएं। ध्यान रखें कि भिगोया हुआ पानी न पिएं। इससे शरीर में मिनरल बैलेंस बना रहता है और खासकर सुबह होने वाले माइग्रेन में आराम मिल सकता है।

पेन रिलीफ पोटली

लगातार सिरदर्द या माइग्रेन से परेशान लोगों के लिए पेन रिलीफ पोटली एक कारगर घरेलू उपाय माना जाता है। इसे बनाने के लिए सोंठ पाउडर, सेंधा नमक, लौंग, अजवाइन और तुलसी के पत्तों को हल्का भूनकर सूती कपड़े में बांध लें। इस पोटली से माथे, गर्दन के पीछे और साइनस एरिया पर हल्का दबाव देने से दर्द और तनाव में राहत मिल सकती है।

ये भी पढ़ें : Magh Gupt Navratri 2026: कब से शुरू होगी माघ गुप्त नवरात्रि, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि