होम = Cover Story Featured = E85 Fuel हुआ लॉन्च, क्या पुरानी कारों पर पड़ेगा असर?

E85 Fuel हुआ लॉन्च, क्या पुरानी कारों पर पड़ेगा असर?

E85 Fuel: को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसे कई दावे किए जा रहे हैं, कि सरकार इसे बढ़ावा दे रही है, जिसके चलते सामान्य पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति जल्द बंद कर दी जाएगी। कुछ पोस्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि वाहन मालिकों को मजबूरन अपनी गाड़ियों में केवल E85 फ्यूल भरवाना पड़ेगा। हालांकि, Union Minister of Petroleum and Natural Gas हरदीप सिंह पुरी ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि E85 ईंधन केवल एक विशेष प्रकार के वाहनों के लिए है।

क्या है E85 फ्यूल और E20 से कितना अलग है?

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर E85 ईंधन लॉन्च किया। E20 और E85 के बीच सबसे बड़ा अंतर उनकी संरचना और वाहन अनुकूलता का है।

जहां E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनॉल और 80 % सामान्य पेट्रोल का मिश्रण होता है, वहीं E85 में 80 से 85 % एथेनॉल और 14 से 19 % पेट्रोल मिलाया जाता है।

क्या पुरानी गाड़ियों में इस्तेमाल किया जा सकता है E85?

इसका सीधा जवाब है- नहीं। सामान्य पेट्रोल वाहनों में E85 फ्यूल का उपयोग नहीं किया जा सकता। इसे विशेष रूप से फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल (FFV) के लिए तैयार किया गया है।

उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने E85 की कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में लगभग 20 रुपये प्रति लीटर कम रखी है। दिल्ली में E85 ईंधन की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।

केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, E85 के इस्तेमाल से पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों की तुलना में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में लगभग 61 % तक की कमी लाई जा सकती है।

क्या E20 या पेट्रोल वाहन बंद हो जाएंगे?

इस सवाल पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया कि मौजूदा E20 वाहन लंबे समय तक चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि E20 और E85 दो अलग-अलग श्रेणियों के ईंधन हैं, जिन्हें अलग-अलग प्रकार के वाहनों के लिए डिजाइन किया गया है।

उन्होंने कहा कि E85 के बाजार में आने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि E20 या सामान्य पेट्रोल से चलने वाले वाहन बंद कर दिए जाएंगे। E85 फ्यूल डिस्पेंसर पर बड़े अक्षरों में “E85-compliant cars only” का संदेश भी लिखा होगा, ताकि लोग भ्रमित न हों।

ब्राजील में दशकों से हो रहा है E85 का इस्तेमाल

हरदीप सिंह पुरी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि E85 केवल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए है और यह सामान्य E20 वाहनों के लिए नहीं है।

उन्होंने बताया कि ब्राजील में E85 ईंधन का इस्तेमाल कई दशकों से किया जा रहा है। फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के इंजन E20 से लेकर E100 तक विभिन्न एथेनॉल-पेट्रोल मिश्रणों पर चल सकते हैं।

किसानों की आय और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, E85 के इस्तेमाल से किसानों की आय बढ़ेगी, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी। यह भारत के स्वच्छ और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लोग धीरे-धीरे जीवाश्म ईंधनों से हरित ईंधनों की ओर बढ़ेंगे और E85 आधारित वाहनों को अपनाने का विकल्प चुनेंगे।

100 फीसदी स्वदेशी वाहन भी हो रहे हैं लॉन्च

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अब ऐसे वाहन भी लॉन्च किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह स्वदेशी हैं और भारतीय कंपनियों को मजबूती प्रदान करेंगे।

ये भी पढ़े: https://newsindia24x7.com/breaking/delhi-malviya-nagar-fire-government-action-inspection-drive-and-sealing-preparation-44151/