Gold-Silver Price Today: सोना और चांदी की कीमतों में लगातार चार दिन की गिरावट के बाद मंगलवार को अचानक तेजी आई थी और बुधवार को यह रुझान कायम रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार को कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। 1 किलो चांदी का भाव 15,000 रुपये से अधिक बढ़ गया, जबकि 10 ग्राम 24 कैरेट सोना भी 5,000 रुपये से ज्यादा महंगा हो गया।
चांदी की कीमतों में दो दिन में जबरदस्त उछाल
चांदी की बात करें तो 2 फरवरी तक मात्र चार दिन में इसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये तक गिर चुकी थी। लेकिन इसके बाद तेजी का रुख देखने को मिला। मंगलवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी MCX पर 2,68,801 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को खुलते ही यह 2,84,094 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई, यानी एक ही दिन में 15,293 रुपये की तेजी दर्ज की गई। बीते सोमवार तक 1 किलो चांदी का भाव 2.25 लाख रुपये के आसपास था, लेकिन दो दिन की तेजी ने इसे करीब 60,000 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिया।
सोना भी पीछे नहीं
सोने की कीमतों ने भी चांदी की तरह तेजी दिखाई। बीते कारोबारी दिन 10 ग्राम 24 कैरेट सोना MCX पर 1,53,809 रुपये पर बंद हुआ था। बुधवार को कारोबार शुरू होते ही इसका भाव 1,60,755 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, यानी 6,946 रुपये की तेजी।
इतिहासिक हाई के मुकाबले अभी भी सस्ता
हालांकि हालिया तेजी के बावजूद सोना-चांदी अब भी अपने हालिया उच्च स्तर से काफी सस्ते हैं। 29 जनवरी को चांदी ने ऐतिहासिक 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर छुआ था, लेकिन इसके बाद गिरावट आई। इसी हिसाब से वायदा चांदी अब भी 1,35,954 रुपये प्रति किलो तक सस्ती मिल रही है। सोने ने भी 29 जनवरी को 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का नया रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन अब यह 32,341 रुपये तक गिर चुका है।
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद में तीन बहनों ने 9वीं मंजिल से लगाई छलांग, पुलिस कर रही फॉरेंसिक जांच

