होम = Breaking = UP में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट

UP में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भीषण लू का असर बना रहेगा। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। कई जिलों में गर्म रातों ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि रात में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग ने प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी, महोबा, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद और आगरा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दिन के साथ-साथ रात के समय भी अत्यधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में हीट वेव का असर बेहद गंभीर हो सकता है।

IMD ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट

वहीं ललितपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, बलिया और संत रविदास नगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा सोनभद्र, मऊ, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, एटा, कासगंज, हाथरस, मथुरा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़ और गाजियाबाद समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें: इटली दौरे पर PM मोदी का भव्य स्वागत, मेलोनी ने कहा- Welcome My Friend