कांग्रेस नेतृत्व को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। तेज प्रताप यादव ने पार्टी की कमान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि मौजूदा नेतृत्व के बजाय प्रियंका गांधी कांग्रेस को बेहतर तरीके से संभाल सकती हैं।
खबर विस्तार
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए अलग सोच और नेतृत्व की जरूरत है। उनके मुताबिक प्रियंका गांधी में वह क्षमता नजर आती है, जो कभी इंदिरा गांधी में दिखती थी।
तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि केवल यात्राएं या अलग-अलग अंदाज अपनाने से राजनीति में सफलता नहीं मिलती। उन्होंने सवाल उठाया कि मौजूदा परिस्थितियों में राहुल गांधी की रणनीति क्या है और पार्टी किस दिशा में आगे बढ़ रही है।
नीतीश कुमार पर बयान के बाद प्रतिक्रिया
तेज प्रताप यादव का यह बयान उस वक्त आया है, जब राहुल गांधी ने नीतीश कुमार को लेकर टिप्पणी की थी। हाल ही में नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है, जिसके बाद सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
नेतृत्व पर पहले भी उठे सवाल
कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर सवाल उठना नया नहीं है। इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद भी पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र की कमी का मुद्दा उठा चुके हैं। उनका कहना था कि पार्टी में निर्णय प्रक्रिया सीमित हो गई है और वरिष्ठ नेताओं की भूमिका कम होती जा रही है। शकील अहमद ने यह भी आरोप लगाया था कि पार्टी में कई अनुभवी नेता होने के बावजूद उन्हें उचित महत्व नहीं दिया जाता। उनके मुताबिक संगठन के भीतर संतुलन और संवाद की कमी देखने को मिल रही है।
ये भी पढ़ें: कच्चे तेल में उछाल के बीच जारी हुए नए पेट्रोल-डीजल रेट, जानें दिल्ली-मुंबई सहित आपके शहर की ताजा कीमतें

