Silver Price Hike: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से सोना न खरीदने की अपील के बावजूद आज 12 मई को सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, एक किलो चांदी 11,620 रुपये महंगी होकर 2,67,820 रुपये पर पहुंच गई। वहीं 24 कैरेट सोना 1,592 रुपये की बढ़त के साथ 10 ग्राम के लिए 1,51,954 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
इस साल अब तक 37 हजार से ज्यादा महंगी हो चुकी है चांदी
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, लेकिन कुल मिलाकर दोनों धातुओं ने मजबूत बढ़त दर्ज की है। वर्ष 2026 में अब तक सोना 18,755 रुपये और चांदी 37,400 रुपये महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.52 लाख रुपये पर पहुंच गई है। वहीं चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपये प्रति किलो से बढ़कर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो हो गई है. इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपये और चांदी ने 3.86 लाख रुपये प्रति किलो का ऑलटाइम हाई भी छुआ था।
देश 450 लाख करोड़ का सोना भारतीय परिवारों के पास है
एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय परिवारों के पास मौजूद कुल सोने की वैल्यू 5 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 450 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जो भारत की 4.1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 370 लाख करोड़ रुपये) की जीडीपी से भी अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय घरों में करीब 34,600 टन सोना जमा है। सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी के चलते यह मूल्यांकन बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार कारोबार कर रहा है, जबकि भारतीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बनी हुई है।

