BSE Sensex & Nse Nifty open in Red: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौता नहीं होने का असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखने लगा है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 854.68 अंक गिरकर 76,473.51 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 235 अंक टूटकर 23,941.15 पर आ गया। कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों और वैश्विक अनिश्चितता के चलते निवेशकों में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों का ऐसा रहा हाल
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार में दबाव बढ़ गया। सोमवार को गिरावट के बीच टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे ज्यादा टूटे। वहीं एनटीपीसी और एचसीएल टेक के शेयर बढ़त में रहे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 4.32 फीसदी चढ़कर 105.7 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। दूसरी ओर विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए, जिससे बाजार में बिकवाली का दबाव और बढ़ गया।
कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों का एशियाई बाजार पर दिखा असर
भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच सोमवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.81 फीसदी चढ़ा, जबकि टॉपिक्स में 0.32 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोप्सी 3.67 फीसदी उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, वहीं कोस्डैक में भी हल्की तेजी रही। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 सूचकांक 0.71 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।

